ओली रोबिंसन और गस एटकिंसन की खतरनाक गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट को अपने नाम कर लिया है। मुकाबले का नतीजा चौथे दिन निकला क्योंकि तीसरे दिन बारिश होती रही थी और केवल 21.3 ओवरों का ही खेल हो सका था। इसके बाद चौथे दिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी और 40.3 ओवरों में मुकाबला को समाप्त कर दिया।
मैच में बारिश ने लगभग हर दिन खलल डाला, जिसकी वजह से तेज गेंदबाजों को पिच से खूब मदद मिली। इसी का नतीजा रहा कि मुकाबले में कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका और गेंदबाजों का दबदबा रहा। इंग्लैंड ने पहला मुकाबला जीतकर सीरीज में भी 1-0 से बढ़त बना ली है। मैच में 7 विकेट लेने वाले ओली रोबिंसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ओली रोबिंसन की कमाल की गेंदबाजी
इंग्लैंड की बल्लेबाजी पहली पारी में 140 रनों पर सिमट गई थी। इसके बाद मेजबान टीम के गेंदबाजों के लिए चुनौती थी कि वे कीवी टीम को बड़ी बढ़त हासिल करने से रोंके। हालांकि, चोट की वजह से लंबे समय बाद वापसी करने वाले रोबिंसन ने कमाल की गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को अपने जाल में फंसा लिया। उन्होंने पहली पारी में 5 विकेट हासिल किए। उनकी थकरनाक गेंदबाजी का नतीजा ये रहा कि न्यूजीलैंड पहली पारी में 113 रनों पर सिमट गई और बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम ने 27 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
डेब्यू करने वाले एमिलियो गे ने लगाया अर्धशतक
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने दूसरी पारी में भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया। हालांकि, डेब्यू करने वाले एमिलियो गे ने कमाल की पारी खेली और अर्धशतक लगाया। इसी के साथ उन्होंने इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गे ने 57 रन बनाए। इंग्लिश टीम ने इसी के साथ 226 रन बनाए और पहली पारी में बढ़त के आधार पर उन्होंने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 254 रनों का लक्ष्य दिया।
इंग्लैंड ने जीता मुकाबला
न्यूजीलैंड की टीम 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी और ये आसाना नहीं होने वाला था क्योंकि लॉर्ड्स में ओवरकास्ट कंडीशन थी। कीवी टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ही 55 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए थे। चौथे दिन इंग्लैंड के गस एटकिंसन ने कमाल की बॉलिंग की और 5 कीवी बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। इंग्लैंड ने मुकाबले को 115 रनों से अपने नाम कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
