देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में फ्लाईओवर के नीचे फैले अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को नगर पालिका प्रशासन ने पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाकर
कार्रवाई की। इस दौरान स्वर्ण जयंती चौक से नवीन सब्जी मंडी तक फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से संचालित कई दुकानों एवं अस्थायी कब्जों को हटाया गया।
करीब तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के नीचे लंबे समय से अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई थी। सड़क किनारे दुकानें, ठेले और अस्थायी ढांचे लगाए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी तथा राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान नगर पालिका कर्मियों ने पुलिस की मौजूदगी में अवैध कब्जों को हटवाया। कार्रवाई के चलते क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी भी दी। नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों एवं फ्लाईओवर के नीचे किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आगे भी अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहेगा।
.jpg)