देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन अर्धनिर्मित पुल एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गया। सुरक्षा इंतजामों के अभाव और विभागीय लापरवाही के चलते एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह कोई पहला हादसा नहीं है। करीब एक से दो महीने पहले भी इसी निर्माणाधीन आधा पुल के पास बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बावजूद अब तक न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई गई और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए। लोगों का कहना है कि अधूरे पुल और असुरक्षित सड़क ने इस मार्ग को मौत का रास्ता बना दिया है। आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग हादसों के बाद भी आंख मूंदे बैठा है। सड़क किनारे गहरी खाई होने के बावजूद सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। आए दिन यहां छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने कहा कि यदि जल्द सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो यह अधूरा पुल किसी और बड़ी जनहानि का कारण बन सकता है।
.jpg)