देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बरवाटोला गांव में सोमवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक विवाहिता ने आवेश में आकर खेतों में इस्तेमाल होने वाली यूरिया खाद का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। समय रहते इलाज मिलने से महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बरवाटोला निवासी 18 वर्षीय सोनम पत्नी अजय सोमवार को अपने परिजनों के साथ दुद्धी में आयोजित प्रदर्शनी मेले में घूमने गई थी। शाम को घर लौटने पर पति ने बिना बताए मेले में जाने को लेकर नाराजगी जताते हुए डांट-फटकार लगाई। इसी बात से क्षुब्ध होकर विवाहिता ने घर में रखी यूरिया खाद खा ली। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने हालत गंभीर देख आनन-फानन में उसे सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल महिला की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
.jpg)