देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। नगर क्षेत्र में इन दिनों लोगों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। साइकिल और बाइक पर दूध का बल्टा लटकाकर घूम रहे कथित दूध विक्रेता बिना किसी रोक-टोक के घर-घर कथित मिलावटी दूध पहुंचा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग और जिम्मेदार अधिकारी सबकुछ जानते हुए भी आंख मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में बिक रहे दूध में पानी के साथ ही केमिकल की भी मिलावट की जा रही है। कई मोहल्लों में लोगों ने शिकायत की है कि दूध गर्म करते ही फट जा रहा है, जबकि स्वाद और रंग भी असामान्य दिखाई देता है। सबसे अधिक खतरा छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर मंडरा रहा है। सुबह और शाम नगर की गलियों में दर्जनों बाइक और साइकिल सवार दूध विक्रेता बल्टे लेकर घूमते दिखाई देते हैं, लेकिन इनके दूध की गुणवत्ता जांचने वाला कोई नहीं है। लोगों का कहना है कि बिना लाइसेंस और बिना किसी जांच के यह कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल अभियान चलाकर दूध के सैंपल लिए जाएं और मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो मिलावटी दूध का यह धंधा आने वाले दिनों में गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा कर सकता है। उधर इस बावत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वार्ता नहीं हो सकी। लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।
.jpg)