देवल संवाददाता, लालगंज (आजमगढ़)। विकासखंड लालगंज सभागार में मंगलवार को प्रधानों एवं प्रधान प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संदीप ज्ञानवीर की नियुक्ति का विरोध करते हुए खंड विकास अधिकारी लालगंज को ज्ञापन सौंपा गया।
सौंपे गए ज्ञापन में प्रधानों ने आरोप लगाया कि संबंधित सहायक विकास अधिकारी पूर्व में जिन विकासखंडों में तैनात रहे हैं, वहां भ्रष्टाचार के मामलों में उनकी संलिप्तता रही है। प्रधानों का कहना था कि उनके लालगंज विकासखंड में आने से विकास कार्य प्रभावित होंगे। प्रधानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उच्च अधिकारियों द्वारा सहायक विकास अधिकारी का स्थानांतरण अन्य विकासखंड में नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।
बैठक के दौरान बसही अकबालपुर के प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद सालेह उर्फ सालेहीन ने कहा कि अब तक विकासखंड लालगंज की ग्राम पंचायतों में नियमानुसार सचिवों और प्रधानों के समन्वय से विकास कार्य कराए जाते रहे हैं, लेकिन नवनियुक्त सहायक विकास अधिकारी के आने से विकासखंड में भ्रष्टाचार बढ़ने और विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इससे प्रधानों और एडीओ पंचायत के बीच टकराव बढ़ सकता है, जिससे जनहित के कार्य प्रभावित होंगे। देवनाथपुर के प्रधान प्रतिनिधि पवन यादव ने भी बसही प्रधान प्रतिनिधि की बातों का समर्थन किया। वहीं बड़ागांव के प्रधान रविंद्र यादव ने ज्ञापन सौंपते समय खंड विकास अधिकारी से मांग की कि प्रधानों द्वारा दिए गए ज्ञापन को जिले के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाए, ताकि सहायक विकास अधिकारी संदीप ज्ञानवीर का स्थानांतरण अन्य विकासखंड में सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर प्रधान सुनील राजभर, इंद्रजीत यादव, पप्पू लाल यादव, रामलखन चौहान, दिनेश चौहान, सरफराज उर्फ काशिफ, मंसूर अहमद, लाल साहब यादव, आनंद यादव, हाजी सोहराब अहमद, अकरम प्रधान, राजकुमार प्रधान, अजय चौहान, विक्की, सुरेश यादव सहित लगभग 50 प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
