देवल सवादाता लालगंज (आजमगढ़) शुक्रवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण मेहनाजपुर रोड स्थित मस्जिद उमर के सामने सड़क पर पानी भर गया, जिससे आमजन तथा जुमा की नमाज के लिए आने वाले नमाजियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मस्जिद के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर सड़क पर जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जमा पानी की निकासी के लिए बनाई गई नाली जाम पड़ी है, जिसके चलते बारिश का पानी निकल नहीं सका और पूरी सड़क पानी से लबालब भर गई। नमाजियों को पानी से होकर मस्जिद तक पहुंचना पड़ा, जबकि कई लोगों के कपड़े और जूते भी खराब हो गए।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि इससे पहले ईदउल-अजहा के मौके पर भी प्रधान के कहने के बावजूद नालियों की सफाई नहीं होने के कारण सड़क पर नाबदान का पानी जमा हो गया था और लोगों को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन संबंधित जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान आम लोगों और नमाजियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
