देवल संवाददाता, गाजीपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन ऑडिटोरियम हाल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डा0 संगीता बलवंत राज्य सभा सांसद, एवं सपना सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष, बेदी राम जखनियॉ विधायक, सरिता अग्रवाल नगर पालिका अध्यक्ष, आलोक प्रसाद मुख्य विकास अधिकारी, की उपस्थिति में दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में दीनदयाल वर्मा परियेाजना निदेशक, सुभाष चन्द्र सरोज जिला विकास अधिकारी एवं संजय कुमार सोनी जिला कार्यक्रम अधिकारी के रूप में उपस्थित एवं जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। राज्य सभा सांसद ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं समाज के नौनिहालों तथा महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होने उ0प्र0 के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में लगभग 1300 आंगनबाड़ी सहायिकाओं का पद स्वीकृत कर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली महिलाओं में उत्साह एवं खुशी का माहौल देखने को मिला।जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी चयनित सहायिकाओं को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, कुपोषण मुक्ति, टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल तथा पोषण अभियान को सफल बनाने में उनकी अहम जिम्मेदारी होगी। जखनियॉ विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में चयनित महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में भी सहयोग करेंगी।मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सभी सहायिकाओं को समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित कर सकें। उन्होंने बताया कि बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनाी ने बताया कि 16 विकास खण्डो एवं शहर मे कुल 17 बाल विकास परियोजनाओं में 4127 ऑगनबाड़ी सहायिकाओं के सापेक्ष कुल रिक्त 1352 पदो पर विज्ञप्ति निर्गत किया गया था, जिसके क्रम में 1328 सहायिकाओं का चयन किया गया है जिसमें से ऑगनबाड़ी सहायिका पद हेतु कुल 313 नवचयनित अभ्यर्थियो को राज्य सभा सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, जखनियॉ विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। उन्होने कहा कि यह नियुक्त पत्र के साथ आज ही अपने ब्लाक में उपस्थित होकर ज्वाइन कर लिया जाय। कार्यक्रम के अंत में चयनित अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों ने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिला उपस्थित रही। उन्होने बताया कि दिनांक 30 मई, 2026 को 11 बाल विकास परियोजनाओं विरनो, सदर, शहर, सादात, करण्डा, रेवतीपुर, भदौरा, सैदपुर, जखनियों, मनिहारी एवं कासिमाबाद में कुल नवचयनित 1015 अभ्यर्थियों को ऑगनबाड़ी सहायिका के नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम मा० जनप्रतिनिधियो की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
