आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर गांव में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर में गैस सिलेंडर खत्म होने को लेकर घरेलू विवाद हुआ था। विवाद के बाद विवाहिता अपने कमरे में चली गई। काफी समय तक जब वह बाहर नहीं निकली तो परिजनों को आशंका हुई। इसके बाद परिजन कमरे तक पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर पाई गई। आनन-फानन में उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
बताया जा रहा है कि मृतका का विवाह वर्ष 2021 में हुआ था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
.jpeg)