आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के जौनपुर डिपो ने विशेष इंतजाम किए हैं। हीट वेव के प्रभाव को देखते हुए डिपो से संचालित सभी रोडवेज बसों में फर्स्ट एड बॉक्स और ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ममता चौबे ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में यह व्यवस्था लागू की गई है। गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, लू लगना और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में यात्रियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से सभी बसों में आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि बसों में तैनात परिचालकों को भी प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराई गई है और उन्हें आवश्यक परिस्थितियों में यात्रियों की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी यात्री की तबीयत यात्रा के दौरान खराब होती है तो उसे तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान मौसम को देखते हुए यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। बसों में ओआरएस की उपलब्धता से गर्मी के कारण शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी से होने वाली समस्याओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
रोडवेज प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे। भीषण गर्मी के इस दौर में जौनपुर डिपो की यह पहल यात्रियों के लिए राहत और सुरक्षा का भरोसा लेकर आई है।
