आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय ।जौनपुर थाना क्षेत्र के खुदौली गांव में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
खेतासराय पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और मारपीट के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
