आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के सैदनपुर निवासी युवा क्रिकेटर अभिलाष मौर्य ने असम में आयोजित प्रतिष्ठित नूरुद्दीन अहमद सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर जौनपुर का नाम रोशन किया है। अभिलाष मौर्य ने अपनी टीम नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। टीम की इस शानदार जीत पर खिलाड़ियों को कुल 15 लाख रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
अभिलाष मौर्य, डॉ. एलपी मौर्य के पुत्र हैं, जो डॉ. अख्तर हसन रिजवी शिया पीजी कॉलेज में कार्यरत हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनून रखने वाले अभिलाष ने लगातार मेहनत और प्रतिभा के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई। वह पूर्व में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में अभिलाष मौर्य की नियुक्ति असम रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे के तहत हुई थी। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन जारी रखा और अब अपनी टीम को चैंपियन बनाकर अपनी क्षमता को साबित कर दिया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुवाहाटी के स्टेडियम में खेला गया, जहां नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गुवाहाटी की टीम को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
अभिलाष की इस उपलब्धि पर डॉ. अख्तर हसन रिजवी शिया पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सादिक रिजवी सहित कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं जिले के खेल प्रेमियों में भी इस सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है।
