देवल संवाददाता, बलिया में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उमाशंकर पाठक ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उमाशंकर पाठक ने महोबा में दलित छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जब पीड़िता को न्याय नहीं मिला, तब अजय राय ने आवाज उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके जवाब में भाजपा नेताओं ने अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग शुरू कर दी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी किसी भी जांच से नहीं डरती और अपनी संपत्ति की जांच के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने मांग की कि भाजपा के वर्तमान जनप्रतिनिधियों की भी संपत्तियों की जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि राजनीति में आने से पहले और अब उनकी संपत्ति में कितना अंतर आया है।
सत्ता से जुड़े लोगों की संपत्ति लगातार बढ़ती जा रही
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सत्ता से जुड़े लोगों की संपत्ति लगातार बढ़ती जा रही है।
उमाशंकर पाठक ने सरकार पर परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक कराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर भी उन्होंने चिंता जताई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बलिया में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए ओवरब्रिज पर 25 लाख रुपये की बटरफ्लाई लाइट, जेल निर्माण के लिए भूमि आवंटन, रोडवेज बस अड्डा निर्माण और कटहल नाला सौंदर्यीकरण परियोजना में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं।
इस दौरान बैठक में दिग्विजय सिंह, संतोष चौबे, सत्य प्रकाश मुन्ना उपाध्याय, विजेंद्र पांडेय मुखिया, विवेक ओझा, अबुल फ़ैज़ और राहुल चौबे समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
