आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के साथ उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं तथा मरीजों और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएम ने प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, केंद्रीय पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी, एनाटॉमी विभाग, म्यूजियम, डिसेक्शन हॉल और अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने लिफ्ट, सेंट्रल एसी, फायर सेफ्टी सिस्टम, साइनेज व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम ने अस्पताल में वातानुकूलन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पुरुष छात्रावास, मेस तथा निर्माणाधीन सीसीयू भवन का भी निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जनपद के स्वास्थ्य ढांचे का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और प्रत्येक माह स्वयं निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का मूल्यांकन करेंगे। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ए.ए. जाफरी, वित्त नियंत्रक अतुल चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
