कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।भीषण गर्मी में कटहरी ब्लॉक अंतर्गत बरामदपुर लोहारा स्थित गौशाला की बदहाल व्यवस्था ने गौवंशों को बेहाल कर दिया है। देखभाल के अभाव में दर्जनों गायें बीमार पड़ी हुई हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही ने स्थानीय लोगों में रोष पैदा कर दिया है।ग्रामीणों के अनुसार गौशाला परिसर में गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। कई जानवर खुले आसमान के नीचे बीमार अवस्था में पड़े रहते हैं। उनकी देखभाल के लिए कोई जिम्मेदार व्यक्ति नियमित रूप से मौजूद नहीं रहता। गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए समुचित व्यवस्था न होने से गौवंशों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया। गौशाला में तैनात कर्मचारियों की अनियमित उपस्थिति पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लापरवाही के कारण गौमाताें की जान को खतरा पैदा हो गया है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर गौशाला की व्यवस्था सुधारने और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गौशाला की इस बदहाली पर क्षेत्र में तीखी नाराजगी व्याप्त है। प्रशासन अब कब जागता है, यह देखने की उत्सुकता पूरे ब्लॉक में है।
