देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ में एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, नगदी, मोबाइल फोन, लेडीज बैग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को महजवीन पत्नी शादाव अहमद निवासी जमीन रसूलपुर थाना रौनापार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बिलरियागंज बाजार से ई-रिक्शा द्वारा घर लौटते समय वधैला के पास बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया था। पर्स में नकदी और मोबाइल फोन रखा था। मामले में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत मंगलवार को बिलरियागंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी काले रंग की पल्सर बाइक से नहर पटरी मार्ग होते हुए नसीरपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नसीरपुर मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे। रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में फुजैल अहमद पुत्र अलीम निवासी कसाई मोहल्ला, बिलरियागंज के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले सीएचसी बिलरियागंज और बाद में सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी के 9800 रुपये, एक मोबाइल फोन, एक लेडीज बैग तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी फुजैल अहमद और एक बाल अपचारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फुजैल अहमद पर पहले से चोरी और अन्य आपराधिक मामलों समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र सहित बिलरियागंज थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ झपटमार बदमाश, नाबालिग साथी पुलिस संरक्षण में!
मई 26, 2026
0
Tags
