देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेनदेन को लेकर अपने ही साथी की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 21 मई को जहानागंज थाना क्षेत्र के कोढ़वां गांव निवासी सुनील कुमार ने थाना मुबारकपुर में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई सुशील कुमार 20 मई की रात अपने साथी उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव के साथ चार पहिया वाहन से निमंत्रण में गया था। देर रात उमाशंकर ने सूचना दी कि रानीपुर गांव के पास हनुमान मंदिर के समीप पंकज सिंह उर्फ सोनू सिंह, अवनीश यादव उर्फ बबलू यादव और एक अज्ञात व्यक्ति ने सुशील की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस मामले में थाना मुबारकपुर पर हत्या और एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने सीडीआर, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीन रीक्रिएशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसमें उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव और वीरेंद्र उर्फ बिंदू यादव का नाम सामने आया। पुलिस ने मंगलवार तड़के सठियांव रेलवे स्टेशन के पास से उमाशंकर यादव उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया। उसके पास से 400 रुपये बरामद हुए। वहीं दूसरी गिरफ्तारी कोढ़वा अचलपार मार्ग स्थित मंदिर के पास से की गई, जहां से वीरेंद्र उर्फ बिंदू यादव को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 20 मई की रात पूर्व नियोजित साजिश के तहत उमाशंकर ने वीरेंद्र को रानीपुर बुलाया था। कार में पहले से मौजूद सुशील नशे की हालत में था। आरोपियों ने वाहन को सुनसान इलाके में ले जाकर जमीन और पैसों के विवाद को लेकर सुशील के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को भटकाने के लिए गाड़ी के शीशे और बॉडी पर भी फायरिंग की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। उमाशंकर यादव के खिलाफ पहले से भी हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
दोस्त ने रची दोस्त की हत्या की साजिश,जमीन और पैसों के विवाद में मारी गोली
मई 26, 2026
0
Tags
