50 क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार पोटलियाँ वितरित, GM को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया सम्मानित
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड यूनिट टांडा ने निक्षय मित्र बनकर एक अनुकरणीय पहल की है। आज टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कंपनी के हेड/जीएम द्वारा 50 क्षय रोगी मरीजों को पौष्टिक आहार की पोटलियाँ वितरित की गईं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अम्बेडकर नगर ने अल्ट्राटेक सीमेंट के जीएम को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए निक्षय मित्र प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। निक्षय 2.0 कार्यक्रम के तहत यह पहल टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी के इस योगदान से मरीजों को पौष्टिक आहार मिलने के साथ-साथ उनके उपचार और रिकवरी में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में अल्ट्राटेक सीमेंट के सभी अधिकारी, टांडा सीएचसी अधीक्षक, जिला क्षय रोग अधिकारी, WHO कंसल्टेंट डॉ. सुल्ताना, एसटीएस रविन्द्र भारती, डीपीसी एवं डीपीपीएम राजीव माथुर सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस सामाजिक कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के इस प्रयास की सराहना करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि निजी क्षेत्र की ऐसी भागीदारी टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को समय से पहले हासिल करने में मददगार साबित होगी। कंपनी के जीएम ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी सामाजिक गतिविधियाँ जारी रखी जाएंगी।यह पहल न केवल मरीजों के लिए राहत का स्रोत बनी है, बल्कि कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) का एक बेहतरीन उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।
