आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि आगामी 22 मई तक लू का असर जारी रह सकता है। ऐसे में लोग अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर लापरवाही न करें।
डीएम ने बताया कि जिले का तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य गर्मी जनित बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है। उन्होंने लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढककर रखें। आंखों को तेज धूप से बचाने के लिए चश्मे का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। साथ ही मौसमी फलों का अधिक उपयोग कर शरीर को ठंडा रखने का प्रयास करें। उन्होंने खास तौर पर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी।
डीएम सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी सीएचसी, पीएचसी या जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें। समय पर इलाज से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार एडवाइजरी जारी की जा रही है और जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अस्पतालों में जरूरी दवाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक करें, ताकि हीट वेव के प्रभाव को कम किया जा सके।
