आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में जौनपुर जिले के एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। मृतकों में एक महिला और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के ढीलमपुर गांव निवासी एक परिवार दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार रामचरित मानस पाठ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जौनपुर आ रहा था। मेरठ से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के बाद उनकी स्कॉर्पियो कार प्रतापगढ़ सीमा के मिर्जहांपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सलोन पुलिस और यूपीसीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे में जौनपुर निवासी तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे की बड़ी वजह बनी। रात के अंधेरे में चालक वाहन को नहीं देख सका और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे ट्रॉली में जा घुसी।
घटना के बाद मृतकों के गांव ढीलमपुर में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के घर पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी यादुवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpeg)