आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। ईद-उल-अजहा के सार्वजनिक अवकाश की तिथि में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार अब जनपद में बकरीद का सार्वजनिक अवकाश 27 मई के स्थान पर 28 मई 2026, गुरुवार को रहेगा। इस संबंध में जिलाधिकारी ने आधिकारिक आदेश जारी कर सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए पूर्व में जारी सार्वजनिक अवकाश अधिसूचना में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का अवकाश 27 मई, बुधवार को निर्धारित किया गया था। हालांकि यह अवकाश चांद दिखाई देने पर निर्भर होने के कारण परिवर्तनीय श्रेणी में रखा गया था। प्रदेश में चांद के अनुसार बकरीद का पर्व 28 मई, गुरुवार को मनाया जाना तय हुआ है, जिसके बाद शासन के निर्देशों के क्रम में अवकाश की तिथि संशोधित कर दी गई।
जारी आदेश के मुताबिक अब 28 मई को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अर्द्धसरकारी कार्यालयों तथा अन्य अधीनस्थ संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को संशोधित आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
बकरीद मुस्लिम समुदाय का प्रमुख धार्मिक पर्व माना जाता है, जिसे कुर्बानी और भाईचारे के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। पर्व को लेकर जिले में तैयारियां भी तेज हो गई हैं और बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है।
