देवल संवाददाता, गाजीपुर। जनपद में संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा मेडिकल कालेज में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास, ददरी घाट के पास बनाये जा रहे निर्माणाधीन 200 बेड महिला छात्रावास स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अंतर्गत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कक्षों की संरचना, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि नर्सिंग कॉलेज भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ 30 जून, 2026 तक कार्यदायी संस्था को पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसमें किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण करा लिया जाय। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन 200 बेड महिला छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में बनने वाले आवासीय कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करते हुए छात्राओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाए। साथ ही उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद, मेडिकल कालेज के प्राचार्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी गाजीपुर ने निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज/छात्रावा एवं 200 बेड महिला छात्रावास का किया स्थलीय निरीक्षण
मई 22, 2026
0
Tags
