कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंबेडकरनगर जनपद के अकबरपुर क्षेत्र में सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास को नई दिशा मिलती दिख रही है। भाजपा नेता एवं नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से भेंट कर अकबरपुर के लोरपुर स्थित ऐतिहासिक अष्टखंभा के लिए ₹1 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया।विवेक मौर्य ने यह आभार अकबरपुर की जनता की ओर से प्रकट करते हुए कहा कि यह केवल एक विकास कार्य नहीं बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से अष्टखंभा का संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन के रूप में उसका विकास संभव हो सकेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक लाभ भी मिलेगा।पहले किए गए प्रयासों का मिला परिणाम
विवेक मौर्य ने बताया कि इस स्वीकृति के पीछे पिछले वर्ष किए गए निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई 2025 को उन्होंने अखिल भारतीय राजभर संगठन के पदाधिकारियों—जिला अध्यक्ष रामकिशोर राजभर, जिला महासचिव रामनायक राजभर, लोरपुर के सभासद अनिल राजभर एवं अन्य साथियों के साथ मंत्री जयवीर सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर अष्टखंभा के संरक्षण के लिए ज्ञापन सौंपा था।उन्होंने बताया कि मंत्री ने उस समय इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सहमति प्रदान की थी और अब उसी का परिणाम है कि ₹1 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।विवेक मौर्य ने रखी नई विकास योजनाओं की मांग
मंत्री से हुई हालिया मुलाकात के दौरान विवेक मौर्य ने केवल अष्टखंभा तक ही बात सीमित नहीं रखी, बल्कि अकबरपुर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए। उन्होंने पर्यटन की दृष्टि से अकबरपुर को विकसित करने, अन्य ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नए विकास परियोजनाओं को शुरू करने की मांग रखी।विवेक मौर्य ने कहा कि अकबरपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो यह क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि आने वाले समय में पर्यटन मंत्रालय की विशेष योजनाएं इस क्षेत्र को दी जाएं।क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति विवेक मौर्य ने विश्वास जताया कि सरकार की सकारात्मक सोच और जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों से अंबेडकरनगर, विशेषकर अकबरपुर क्षेत्र, विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि अष्टखंभा परियोजना से न केवल सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित होगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।अंत में विवेक मौर्य ने प्रदेश सरकार और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाती रहेगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल सके।
