देवल संवादाता,वाराणसी। वाराणसी जिले में बजड़े पर सवार होकर बीयर पीते एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की निगरानी में पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर उसे मंगलवार की सुबह अस्सी घाट इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक अर्जुन राजभर (25 वर्ष) निवासी नगवां नाव डेकोरेटर बताया जा रहा है, जो अपने साथियों के साथ अस्सी से मिर्जापुर की ओर गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शाम को निकला था और रात में अदलहाट पहुंच गया था।
नाविकों की शिकायत पर दर्ज की जा रही प्राथमिकी
माता शीतला का बधाई लेकर जाने वाले नाविकों के नाव पर बियर पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा है। नाविक प्रेम साहनी की शिकायत पर भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
ये था पूरा मामला
शीतला घाट से अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर गंगा के रास्ते जाते समय नाव पर डीजे बजाने और बीयर पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हुआ। एसीपी दशाश्वमेध ने इसकी जांच बैठाई और मंगवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मांझी समाज की ओर से हर साल शीतला घाट से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा की जाती है। इसमें अन्य जिलों से भी नाविक आते हैं। वे डीजे के साथ नाव लेकर गंगा के रास्ते जाते हैं। रविवार की शाम 5:30 बजे शीतला घाट से सभी नाविक अदलहाट के लिए रवाना हुए। सोमवार की देर शाम तक वे वाराणसी लौटते हैं। दो वायरल वीडियो दिन के हैं, जिनमें डीजे लगा है। वहीं, एक वीडियो देर शाम का बताया जा रहा है, जिसमें एक नाविक बीयर पीते हुए दिख रहा है। लेकिन वह सीमा क्षेत्र मिर्जापुर होने के चलते भेलूपुर, दशाश्वमेध सर्किल में वीडियो के आधार पर अन्य नाविकों से पहचान कराई गई, लेकिन किसी ने पहचान नहीं की।
.jpeg)