देवल संवाददाता, मऊ। द्वारा गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत पुलिस लाइन में प्रशिक्षु आरक्षियों की उपस्थिति में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं नदी संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नदियों के संरक्षण, स्वच्छता के महत्व तथा मानव की आदतों में सुधार कर स्वच्छ जीवनशैली अपनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे डॉ. अवनीन्द्र पाण्डेय ने गंगा नदी के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला तथा गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। वहीं,जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा एवं अन्य नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता में प्रत्येक भारतीय का दायित्व है। हम जिस भी पद पर कार्यरत हों,वह हमारा द्वितीयक कार्य है। हमारा प्राथमिक दायित्व एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश,नदियों एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखना है।इस अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षु आरक्षियों ने गंगा एवं अन्य नदियों की स्वच्छता एवं अविरलता की शपथ ली। साथ ही, “रन फॉर रिवर” मैराथन में सहभागिता करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर आर.आई. पुलिस लाइन अरुण सिंह,राज नारायण यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
