देवल संवाददाता, आजमगढ़। थाना फूलपुर क्षेत्र में चाकू से हमला कर युवक और उसके पिता को घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को वादी बदरेआलम निवासी ग्राम जौमा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र मो. आतिफ आलम पर मो. अर्श उर्फ अर्शु, आजम, शहरयार और उनके साथियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। हमले में आतिफ के गुर्दे, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बचाने पहुंचे वादी बदरेआलम को भी पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी मो. अर्श उर्फ अर्शु को बीएसएनएल कार्यालय तिराहा से गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
इसके अलावा पुलिस ने अन्य अभियुक्तों मो. आजम, शहरयार और मो. अकरम को शबाना मोड़, ग्राम सुदनीपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और मामले की आगे की विवेचना जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
