भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कृष्णमचारी श्रीकांत ने चेन्नई सुपरकिंग्स के तेज गेंदबाज मैट हेनरी पर जमकर भड़ास निकाली है। श्रीकांत ने सीएसके को हेनरी को दोबारा प्लेइंग 11 में शामिल नहीं करने का सुझाव दिया है।
मैट हेनरी का रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने तीन ओवर के अपने स्पेल में 36 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया। आरसीबी ने 20 ओवर में 250/3 का विशाल स्कोर बनाया और सीएसके को 43 रन की शिकस्त सहनी पड़ी।
याद दिला दें कि चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल 2026 नीलामी से पहले मैट हेनरी को दो करोड़ रुपये में खरीदा था। कीवी गेंदबाज ने आईपीएल 2026 में अब तक तीन मैचों में दो विकेट चटकाए।
सैमसन से खफा हुए श्रीकांत
पूर्व भारतीय कप्तान ने बताया कि वो संजू सैमसन के प्रदर्शन से भी खफा हैं। सीएसके ने आरआर से संजू सैमसन को ट्रेड किया था। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 3 मैचों में 7.33 की औसत से 22 रन बनाए।
श्रीकांत ने कहा, 'सीएसके के बल्लेबाजों को भी रन बनाने होंगे। संजू सैमसन को रन बनाने होंगे। वो लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप हुए। जो लोग उनको डिफेंड कर रहे हैं, वो जरूर कहेंगे कि टी20 वर्ल्ड कप में जबरदस्त प्रदर्शन किया, लेकिन आईपीएल में उनका बल्ला खामोश है। सीएसके का टॉप ऑर्डर और गेंदबाजी दोनों नहीं चल रही है। आप दोनों को ही दोषी ठहराओगे।'
