आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के शेख ज्यादा मोहल्ला स्थित कब्रिस्तान पब्लिक इंटर कॉलेज के पास बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां किसी बात से नाराज होकर एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संदीप (47 वर्ष) ने अपनी मां इला देवी (75 वर्ष) पर सुबह करीब 11 बजे अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान बुजुर्ग महिला बुरी तरह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय नागरिकों की मदद से घायल महिला को तत्काल केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
उधर, घटना के बाद पहुंची केराकत पुलिस ने आरोपी बेटे संदीप को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
