आमिर, देवल ब्यूरो ,मीरगंज जौनपुर मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोलनापुर में शुक्रवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक नवयुवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अजीत चौहान (लगभग 19 वर्ष) पुत्र ज्ञानपति चौहान सुबह शौच के लिए घर से बाहर खुले मैदान की ओर गया था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उस पर गिर गई।
परिजनों ने बताया कि वज्रपात की चपेट में आने के बाद अजीत मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उसे आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अजीत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल से शव जब गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है।