आमिर, देवल ब्यूरो ,चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम में फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि एवं साप्ताहिक श्रृंगार सोमवार के अवसर पर मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और देर शाम तक दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा।
सोमवार की दोपहर माता रानी का आकर्षक पुष्प एवं अलंकरण श्रृंगार किया गया। मध्यान्ह विश्राम आरती एवं पूजन पंडा परिवार के उपाध्यक्ष विजय पंडा द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया। वहीं मंदिर परिवार के मुक्तेश्वर पंडा ने भी भव्य आरती कर माता रानी का पूजन किया। पूर्णिमा तिथि के कारण भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हवन-पूजन एवं जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
चंद्र ग्रहण को लेकर विशेष व्यवस्था
मंगलवार को लगने वाले चंद्र ग्रहण के संबंध में जानकारी देते हुए महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि चौकियां धाम में सूतक काल के दौरान पट बंद रखने की परंपरा अनादिकाल से नहीं है। उन्होंने बताया कि ग्रहण काल से 12 घंटे पूर्व सूतक लग जाता है, किंतु केवल ग्रहण के समय ही कपाट बंद रखे जाते हैं।
मंगलवार को माता रानी का भव्य श्रृंगार कर दोपहर 3 बजे विश्राम आरती संपन्न की जाएगी। इसके बाद रात्रि 8 बजे तक कपाट बंद रहेंगे। ग्रहण का मूल प्रभाव अपराह्न 3:20 बजे से प्रारंभ होकर सायं 6:47 बजे तक रहेगा। रात्रि 8 बजे के पश्चात गर्भगृह एवं मंदिर परिसर का शुद्धिकरण कर पुनः कपाट खोल दिए जाएंगे और दर्शन-पूजन प्रारंभ हो जाएगा।
होली पर दिया शुभकामना संदेश
रंगों के उत्सव होली के अवसर पर महंत विवेकानंद पंडा ने समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए माता रानी से प्रार्थना की कि सभी भक्त स्वस्थ, प्रसन्न एवं दीर्घायु रहें। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। जीवन में प्रगति के रंग भरें और द्वेष-भाव को त्यागकर प्रेमपूर्वक रहें, यही मां शीतला से प्रार्थना है।
पूर्णिमा एवं ग्रहण के अवसर पर सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।