आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालय के नन्हें विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर समाज को महत्वपूर्ण संदेश दिया। बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाले पोस्टर और तख्तियां लेकर “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें” तथा “सीट बेल्ट जीवन रक्षा कवच है” जैसे नारे लगाए।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने बाजार क्षेत्र में भ्रमण करते हुए आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के उत्साह और संदेशों से प्रभावित होकर बाजार में मौजूद लोगों ने उनकी सराहना की। कई लोगों ने मौके पर ही हेलमेट पहनने और वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यूकेजी के छात्र साहस सिंह रहे। वे हेलमेट और सेफ्टी हार्नेस बेल्ट पहनकर अन्य बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। नन्हे छात्र का यह संदेश लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया। उपस्थित अभिभावकों और राहगीरों ने बच्चों की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही यातायात नियमों की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
प्रबंधन ने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का पालन करे, तो दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है।
रैली के समापन पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।