आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सामाजिक, धार्मिक, चिकित्सक, किन्नर एवं अन्य क्षेत्रों में सक्रिय अग्रणी संस्था अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन नगर के एक हॉल में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में रंग-गुलाल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक मिष्ठान के साथ आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शकुंतला यादव, डॉ. समर बहादुर सिंह, डॉ. अजय कुमार दूबे, रीता जायसवाल एवं नागेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। मेनका सिंह ने शिव तांडव स्तोत्र का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जबकि नीलम मिश्रा ने राधा-कृष्ण होली गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर संरक्षक मंडल द्वारा नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की गई। अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष के रूप में शरद कुमार जायसवाल, समाजसेवा समिति की अध्यक्ष मीरा अग्रहरि एवं सचिव क्षमा सिंह, शिक्षक समिति के अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव तथा सचिव नीलम मिश्रा व डॉ. पूनम सिंह, किन्नर समिति की अध्यक्ष पायल किन्नर एवं सचिव डॉली जोशी के नाम घोषित किए गए।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के पश्चात सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग-अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। संस्था अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली भारतीय लोक संस्कृति का प्रमुख पर्व है, जो प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और बिहार में इस पर्व का विशेष महत्व है और फागुन लगते ही गांव-गांव में होली गीतों की गूंज सुनाई देने लगती है।
डॉ. शकुंतला यादव ने होली को सद्भाव का पर्व बताते हुए कहा कि इसे बिना भेदभाव और हुड़दंग के मनाना चाहिए तथा किसी को जबरन रंग नहीं लगाना चाहिए। डॉ. समर बहादुर सिंह ने कहा कि जैसे रंग आपस में घुल-मिल जाते हैं, वैसे ही समाज में एकता और समरसता बनाए रखना आवश्यक है। डॉ. अजय कुमार दूबे ने प्राकृतिक रंगों के प्रयोग पर बल देते हुए रासायनिक रंगों से दूर रहने की अपील की।
संरक्षक रीता जायसवाल ने कहा कि समारोह में महिलाओं की सहभागिता विशेष रही। महिलाओं की टोली ने होली गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट परिवार की ओर से उपस्थित जनों को उपहार प्रदान कर होली की बधाई दी गई।
कार्यक्रम का संचालन सागर सोलंकी ने किया तथा आभार प्रदर्शन राधिका सिंह ने किया। इस अवसर पर पूनम सिंह, अर्चना सिंह, सरोज गुप्ता, शिवांगी खरे, कनक सिंह, डॉ. साधना मौर्य, सीमा गुप्ता, दीपक श्रीवास्तव, स्वप्निल श्रीवास्तव, रेनू अग्रहरि, किरन किन्नर, नीरज शाह, रामजी सिंह, सुधांशु विश्वकर्मा, अंजनी मिश्रा सहित ट्रस्ट परिवार के सदस्य एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।