देवल संवाददाता, मऊ। तालाबों और प्रचुर जल स्रोतों की उपलब्धता का मत्स्य पालन के साथ-साथ अतिरिक्त आय बढ़ाने हेतु मखाना की खेती को प्रोत्साहन और प्रशिक्षण देने के लिए उद्यान विभाग द्वारा सौ किसानों की प्रशिक्षण कार्यशाला कृषि विज्ञान केंद्र,पिलखी पर आयोजित की गई। कार्यशाला में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ विनय कुमार सिंह द्वारा मखाना की खेती के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि मखाना सुपर फूड के रूप में अपनी वैश्विक पहचान और मांग बना चुका है जिसमें पूरे भारत वर्ष में बिहार राज्य 80% से अधिक उत्पादन कर रहा है।उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के लिए जल स्रोतों जैसे तालाबों में मखाना और सिंघाड़ा की खेती करते हुए किसान ज्यादा लाभ कमा सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर अंगद प्रसाद, हिमांशु राय, प्रशांत देव,सुमित गुप्ता द्वारा मखाना की खेती के लिए तालाब में जल प्रबंधन, रोगों और कीटों का नियंत्रण तथा बुवाई की पद्धतियों की जानकारी विस्तार से किसानों को दी गई।कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त द्वारा बताया गया कि मखाना की खेती के लिए सरकार ₹40000 प्रति हेक्टेयर का अनुदान भी दे रही है तथा मखाना के खेती के लिए मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना में तालाब की खुदाई पर भी अनुदान दिया जा रहा है। योजना प्रभारी अरुण कुमार यादव ने अपने संबोधन में किसानों को योजना से जुड़ने और लाभ लेने का अनुरोध किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी विकास खण्डों से कृषकों के साथ साथ विभागीय कर्मचारी चंद्रभान राम,सुनील गुप्त, राजकुमार एवं बालजीत द्वारा प्रतिभाग़ किया गया।