देवल संवाददाता, मऊ। मंडलायुक्त विवेक जी की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्तमान पुनरीक्षण अभियान का मुख्य आधार 01 जनवरी 2026 की तिथि है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के पात्र हैं।अभियान के दौरान आयोजित होने वाले विशेष कैंपों और घर-घर सर्वे की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे, विशेषकर युवा और महिला मतदाता।मंडलायुक्त द्वारा समस्त उप जिलाधिकारी,समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायतों को निर्देशित किया गया कि जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का सत्यापन निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत करें किसी भी दशा में आवेदन लंबित न रहे।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया गया कि पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। दावा और आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।मंडलायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय अवधि के पूर्व ही सभी गतिविधियों को पूर्ण कराने का प्रयास करें।मंडलायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची अनिवार्य है। इसमें राजनैतिक दलों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंडलायुक्त ने राजनैतिक दलों से अपील की कि इस महत्वपूर्ण कार्य में जिला प्रशासन का सहयोग करें।उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि जनपद में 06 जनवरी 2026 तक पुरुष मतदाता 777782 एवं महिला मतदाता 635301 तथा 44 तृतीय लिंग मतदाता इस प्रकार कुल 1413127 मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि सेवारत मतदाता की कुल संख्या 4600 जिसमें पुरुष 4465 एवं महिला 135 हैं।इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश,उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रिय सिंह,समस्त उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।