आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। जयसिंहपुर बाजार स्थित जमालापुर–बधवा मार्ग को जाम कर दिया गया, जिससे कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक युवक और युवती के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। हाल ही में दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर मंदिर में विवाह कर लिया। इस विवाह के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामला थाने तक भी पहुंचा, लेकिन बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी।
रविवार को लड़की पक्ष के परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। उन्होंने बांस-बल्लियों और तख्तों की मदद से मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन देर तक जाम नहीं खुल सका था। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।
