देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए जनपद में मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर समाज के हर वर्ग को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, लैंगिक शोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर
महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया जा रहा है। कार्यक्रमों में गुड टच बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग फ्रॉड और ओटीपी साझा न करने के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
.jpeg)