देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिले भर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने राजस्व विवाद समेत कई पुलिस संबंधी शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी ने प्रत्येक प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए तथा पीड़ितों को की गई कार्रवाई की जानकारी समय से दी जाए। जनसुनवाई के दौरान एसपी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप जरूरी है, उनमें तुरंत विधिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
.jpeg)