देवल संवाददाता,गाजीपुर। जनगणना 2027 के सफल संचालन हेतु जिलास्तरीय फील्ड ट्रेनरों का स्थलीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्राम फतेउल्लाहपुर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 78 फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे, जिन्हें 16 टीमों में विभाजित कर जनगणना के विभिन्न प्रारूपों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को ऑफलाइन प्रारूप के साथ-साथ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डाटा फीडिंग की प्रक्रिया का भी विस्तृत अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित तकनीकी पहलुओं, सर्वेक्षण की विधि एवं डेटा संकलन की शुद्धता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार द्वारा प्रशिक्षुओं को मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में जिला जनगणना प्रभारी (तकनीकी) शिवम सिंह, नायब तहसीलदार विजय कांत पांडेय, उप जिलाधिकारी रण विजय सिंह, जनगणना संयुक्त निदेशक लखनऊ एस.एस. शर्मा एवं सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। स्थलीय प्रशिक्षण के माध्यम से न केवल प्रगणकों को वास्तविक परिस्थितियों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया, बल्कि आमजन को भी जनगणना के महत्व एवं प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना कार्य को अधिक प्रभावी एवं सटीक बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।