आमिर, देवल ब्यूरो ,डोभी,जौनपुर। श्री गणेश राय पीजी कॉलेज डोभी में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन समारोह रविवार को संपन्न हुआ। शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि आज का युवा कल का भविष्य है। युवाओं के व्यक्तित्व व आचरण में ऐसे गुणों का समावेश होना चाहिए जिससे एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। छात्रों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।
स्वच्छता के प्रति छात्र छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि साफ सफाई के कार्यों को दैनिक जीवन में शामिल करते हुए आस पास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। स्वच्छता इसलिए महत्वपूर्ण है कि उत्तम स्वास्थ्य के लिए स्वच्छ वातावरण का होना नितांत आवश्यक है। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अनेकता में एकता ही हमारी ताकत व पहचान है। सामाजिक कुरीतियों से लड़ने,कौशल विकास के लिए आगे आने,आत्म निर्भर बनने को प्रेरित किया । पर्यावरण का मानव जीवन के संबंध के वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बारे में बताया। प्रो.सिंह ने शिविरार्थियों का आह्वान किया कि शिविर में सीखें गए गुणों को अपने चरित्र व जीवन में अवश्य उतारें। सशक्त राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे। शिविर में स्वयं सेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम अधिकारी प्रो.आलोक कुमार सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी प्रो.सरिता सिंह, डा. अनिल कुमार सिंह सहित अन्य अध्यापक उपस्थित थे।