आमिर, देवल ब्यूरो ,मडियाहूं जौनपुर जिले के मड़ियाहूँ नगर के गढ़ही मोहल्ले में नगर पंचायत अध्यक्ष रुकसाना कमाल फारूकी के आवास पर पवित्र माह-ए-रमजान के अवसर पर शनिवार को 24 रमजान को भव्य रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया।
रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम में नगर के सभी वार्डों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों ने एक साथ बैठकर शाम 6:07 बजे जैसे ही अज़ान की आवाज़ गूंजी, सभी ने मिलकर रोज़ा खोला। कार्यक्रम में आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की शानदार झलक देखने को मिली।
रोज़ा खोलने के बाद मौलाना जमीरउद्दीन साहब ने वहीं पर नमाज़ अदा कराई और रमजान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद साहब का संदेश पूरी मानवता के लिए अमन, मोहब्बत और शांति का पैगाम है। रमजान का महीना बरकतों और रहमतों का महीना है, जिसमें इंसान को अपने अंदर की बुराइयों को दूर कर अल्लाह ताला से तौबा करनी चाहिए और नेकी की राह पर बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रोज़ा केवल भूखे-प्यासे रहने का नाम नहीं, बल्कि यह सब्र, परहेज़गारी और इंसानियत की सीख देता है। यह महीना गरीबों, जरूरतमंदों और बेसहारा लोगों की मदद करने का भी पैगाम देता है। माह-ए-रमजान में अल्लाह ताला नेकियों का सवाब कई गुना बढ़ा देते हैं, इसलिए इस पाक महीने में अपने गुनाहों की तौबा कर इंसानियत की सेवा करनी चाहिए।
इस अवसर पर अपना दल (एस) के विधायक डॉ आरके पटेल अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। वहीं पूर्व विधायक पति अपूर्व तिवारी, ईदगाह कमेटी के सरपरस्त हाजी ईशा फारुकी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, राजू नीरज सिंह, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी चंदन सिंह गौड़, कस्बा लेखपाल प्रमोद श्रीवास्तव तथा ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द और देश-समाज में शांति, एकता व भाईचारे की दुआओं के साथ हुआ।