आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को जिलाधिकारी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने डॉ. राममनोहर लोहिया राजकीय महाविद्यालय, मुफ्तीगंज तथा मुक्तेश्वर बालिका इंटर कॉलेज सहित जनपद के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती बनाए रखने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा व्यापक निगरानी व्यवस्था के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सफल बनाया जा सके।