देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। चोपन थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए विश्व हिन्दू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चुर्क स्थित पुलिस लाइन पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया। बाद संगठन के जिलाध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा।
चोपन थाना पुलिस पर आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने बताया कि संगठन के जिला मंत्री राजकुमार यादव उर्फ टप्पू के साथ चोपन थाना पुलिस न सिर्फ उत्पीड़न किया गया, बल्कि खनन माफियाओं के दबाव में आकर एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित को ही आरोपी बना दिया। आरोप के मुताबिक 23 मार्च को जब राजकुमार यादव कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने में व्यस्त थे, उसी दौरान गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर उनके बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस भी विपक्षियों से मिलीभगत कर बगैर कोई ठोस कार्रवाई के वापस लौट गई, जिससे हमलावरों का मनोबल बढ़ गया।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि जब राजकुमार अपने घायल बेटे को लेकर थाना चोपन पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कथित खनन माफियाओं के दबाव में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की सुनवाई करने के बजाय उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। इतना ही नहीं, थाना परिसर में बदसलूकी करते हुए गुंडा एक्ट और गैंगस्टर लगाने की धमकी देने का भी आरोप चोपन पुलिस पर लगाया गया है। महासंघ ने इसे अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने का परिणाम बताते हुए पूरे प्रकरण को साजिश करार दिया है। संगठन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी थानाध्यक्ष पर कड़ी कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। इस मामले ने पुलिस की कार्यशैली और खनन माफियाओं के कथित गठजोड़ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मौके पर विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश मंत्री नागेश्वर प्रसाद गोंड़, विश्व हिंदू महासंघ मातृशक्ति की प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन सिंह पटेल, किन्नर प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष किरन किन्नर, पूजा किन्नर, राजेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।
.jpeg)