आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहीद दिवस के अवसर पर सद्भावना क्लब की ओर से शहर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क (सब्जी मंडी) में एक गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवाओं ने भाग लेकर अमर शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सद्भावना क्लब के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने महान क्रांतिकारी भगत सिंह के विचारों, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद रज़ा खान ने अपने संबोधन में भगत सिंह के साथ-साथ सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को विस्तार से बताया। पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन बैंकर एवं हफीज शाह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शहीदों के योगदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष आशीष गुप्ता, श्रवण साहू, नरसिंह अवतार जायसवाल, रविकांत जायसवाल, कोषाध्यक्ष विनीत गुप्ता, अंश मौर्या, धीरज गुप्ता, सैयद फरोग अहमद, प्रीतेश गुप्ता, मोहम्मद हम्ज़ा, मोहम्मद हंजला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और सम्मान का भावपूर्ण वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों के साथ उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन क्लब के सचिव हर्ष माहेश्वरी ने किया, जबकि संयोजक लोकेश जावा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
