आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिला जेल में बंद मछलीशहर के पूर्व सांसद उमा कांत यादव की शुक्रवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल जौनपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बीती रात जेल के अंदर पूर्व सांसद की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे उन्हें एंबुलेंस से जौनपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका परीक्षण किया।
डॉक्टरों की जांच में पता चला कि उनका ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर दोनों काफी ज्यादा बढ़े हुए थे। इसके बाद उनका ईसीजी (ECG) कराया गया, जिसमें दिल से संबंधित समस्या के संकेत मिले। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत वाराणसी रेफर करने का निर्णय लिया।
इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से बनारस ट्रामा सेंटर भेज दिया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जाएगा।
इस दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और जेल प्रशासन की टीम पूर्व सांसद को सुरक्षा के बीच वाराणसी के लिए रवाना कराई। वहीं उनके समर्थकों और परिचितों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।