आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के समोधीपुर गांव में कट्टे की बट से मारकर हत्या का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।
पीड़ित पक्ष की ओर से शिव कुमार यादव पुत्र राजेंद्र यादव ने थाना गौराबादशाहपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग शराब के नशे में उपद्रव कर रहे थे। जब उनके चचेरे भाई लक्ष्मीशंकर पुत्र रमापति निवासी समोधीपुर ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी भड़क उठे और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर कर दिया। हालांकि गोली लक्ष्मीशंकर को नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने कट्टे के बट (मुठिया) से उनके सिर और शरीर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन घायल को उपचार के लिए ले गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 89/2026 के तहत धारा 109(1) / 115(2) / 352 / 351(3) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है —प्रमोद यादव पुत्र स्वर्गीय राजदेव यादव, निवासी बिछलापुर थाना सरायख्वाजा, जौनपुर
धरम सिंह उर्फ हनुमान सिंह पुत्र लालजी सिंह, निवासी चांदी गहना थाना सरायख्वाजा, जौनपुर
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं क्षेत्राधिकारी ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।