देवल संवाददाता, मऊ। शहीद दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत केंद्र,मऊ द्वारा अमर क्रांतिकारियों की स्मृति में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत की उपनिदेशक राशि मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के अंतर्गत शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर मऊ रोडवेज परिसर में स्थित स्वतंत्रता सेनानी अलगू राय शास्त्री जी की प्रतिमा स्थल पर युवाओं द्वारा श्रमदान कर साफ-सफाई की गई तथा माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके अगले दिन अमर शहीद भगत सिंह,सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु के बलिदान को नमन करते हुए एक प्रेरणादायी पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा डीसीएसके पीजी कॉलेज से प्रारंभ होकर आजमगढ़ मोड़ तक निकाली गई और पुनः महाविद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.सर्वेश पांडे ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम प्रभारी डॉ. विशाल जायसवाल तथा रविंद्र तिवारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। पदयात्रा में भारी मात्रा में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम के समापन पर पुनः महाविद्यालय परिसर में अमर शहीद भगत सिंह,सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम का संयोजन युवा सामाजिक कार्यकर्ता ओमकार सिंह द्वारा किया गया।उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम,सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों,शिक्षकों और प्रतिभागी युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।