देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने रविवार को थाना रॉबर्ट्सगंज में अर्दली रूम आयोजित कर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की और संबंधित विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रत्येक प्रकरण की प्रगति का आकलन करते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर निपटाने तथा साक्ष्यों का विधिसम्मत व सुदृढ़ संकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, वांछित व वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध समाधान और लंबित
प्रकरणों में प्रगति लाने पर विशेष बल दिया गया। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने और संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए थाना स्तर पर जागरूकता बढ़ाने, पीड़ितों की त्वरित सहायता और मामलों में शीघ्र विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई, मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और महिला हेल्पडेस्क को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। अंत में क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने तथा जनसामान्य से बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस की छवि सुदृढ़ करने की बात कही।
.jpeg)