देवल संवाददाता, आजमगढ़। साइबर ठगी के एक मामले में कोतवाली थाना पुलिस की सक्रियता से पीड़ित युवक को बड़ी राहत मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रेडिट कार्ड से कटी 48 हजार रुपये की पूरी रकम वापस कराई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
सिविल लाइन थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़ निवासी आदर्श पुत्र राम सिंह ने थाना कोतवाली स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड से उसकी जानकारी के बिना लगभग 48 हजार रुपये की धनराशि कट गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क ने प्रकरण की जांच शुरू की।
जांच के बाद कोतवाली साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और पोर्टल से संपर्क कर उक्त धनराशि को होल्ड कराया। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने पीड़ित के खाते में 48 हजार रुपये की पूरी रकम वापस करा दी।
रकम वापस मिलने पर पीड़ित आदर्श ने आजमगढ़ पुलिस का आभार जताया।
वहीं पुलिस ने उसे भविष्य में साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक करते हुए बताया कि ऐसी किसी भी घटना पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें, अथवा नजदीकी थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क को सूचित करें।