देवल संवाददाता, आजमगढ़ । जिले में उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की। परीक्षा केंद्र को लेकर असमंजस में पड़ी एक महिला अभ्यर्थी को पुलिसकर्मियों ने समय रहते सही केंद्र तक पहुंचाया, जिससे वह परीक्षा में शामिल हो सकी। सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पांच पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शनिवार को आयोजित उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा की द्वितीय पाली में कुमारी रूक्मनी पुत्री केशव लाल का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी शाहगढ़, सठियांव, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ निर्धारित था। लेकिन वह असमंजस में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रैदोपुर, थाना कोतवाली, आजमगढ़ पहुंच गईं।
वहां मौजूद यूपी-112 प्रभारी अभय राज मिश्रा ने स्थिति को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की और पीआरवी-5385 थाना कोतवाली की टीम को निर्देशित किया। पुलिस टीम ने महिला अभ्यर्थी को समय रहते उसके वास्तविक परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी शाहगढ़, सठियांव, थाना मुबारकपुर पहुंचा दिया, जिससे वह निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सकी।
महिला अभ्यर्थी ने इस सहयोग के लिए आजमगढ़ पुलिस की सराहना की। इस सराहनीय और मानवीय कार्य के लिए 16 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कार्यालय में यूपी-112 प्रभारी सहित कुल पांच पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल और क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह भी मौजूद रहे। सम्मानित होने वालों में प्रभारी निरीक्षक डायल-112 अभय राज मिश्रा, मुख्य आरक्षी राज किशोर सिंह, महिला आरक्षी रेनु कुमारी, महिला आरक्षी अनिता देवी और आरक्षी चालक विनोद यादव शामिल रहे।