देवल संवाददाता, आजमगढ़ । जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में जिला बदर घोषित एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करते हुए जिले की सीमा में पाए जाने का आरोप है। पुलिस ने उसे सब्जी मंडी क्षेत्र से पकड़कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अहरौला थाना क्षेत्र के सहबानीपुर गांव निवासी राजकुमार उर्फ रामकुमार यादव पुत्र लौटन यादव को माननीय अपर जिला मजिस्ट्रेट (भू-राजस्व) आजमगढ़ द्वारा 29 जनवरी 2026 को पारित आदेश के तहत चार माह के लिए जनपद की सीमा से जिला बदर किया गया था। इस आदेश की सूचना अभियुक्त को विधिवत दी गई थी तथा क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई थी। इसके बावजूद वह न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करते हुए जिले की सीमा में आ गया।
बताया जा रहा है कि बीती रात उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल, उपनिरीक्षक श्याम कुमार दूबे तथा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि जिला बदर अपराधी राजकुमार उर्फ रामकुमार यादव अहरौला सब्जी मंडी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को सब्जी मंडी अहरौला से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी मारपीट और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान से जुड़े मामले दर्ज हैं।